Wednesday, August 21, 2024

लखनऊ

पेज वन

आज राष्ट्रीय स्तर पर चंद्रयान 3 और प्रदेश स्तर पर कैबिनेट के फैसले सभी अखबारों में छाये हैं। इसे सभी अखबारों ने पहले पन्ने पर जगह दी है। हिन्दुस्तान ने चंद्रयान 3 को लीड, अमर उजाला ने सेकेंड लीड और दैनिक जागरण ने फ्लायर बनाया है। सभी इस पर लोकल (सिटी पेज पर) कवरेज भी दी है। कैबिनेट के फैसले को अमर उजाला और दैनिक जागरण ने लीड लिया है।

चंद्रयान 3 की लैंडिंग की तैयारी पर आज देश के साथ पूरी दुनिया की निगाहें हैं। इस पर सभी अखबारों ने बेहतर करने की कोशिश की है। सभी की हेडिंग इस प्रकार है-
आज चांद पर भारत (अमर उजाला)
भारत और चांद का आज होगा मिलन (हिन्दुस्तान)
आज चांद पर होंगे हम, 140 करोड़ भारतीयों की निगाह विक्रम की लैंडिंग पर (दैनिक जागरण)

अमर उजाला ने इस खबर को पेज वन पर सेकेंड लीड बनाया है। कम शब्दों में शीर्षक अच्छा है। इतिहास रचने की घड़ी टैग देकर शाम 6.04 बजे चंद्रमा की सतह पर उतरेगा चंद्रयान-3 को हाइलाइट किया गया है। इंट्रो में इसरो के हवाले से बताया गया है कि चंद्रयान सफल लैडिंग के लिए तैयार है और इसे 23 अगस्त की शाम 6.04 बजे चंद्रमा की सतह पर उतरना है। खबर में डेढ़ कॉलम की तस्वीर है, जिसका कोई कैप्शन नहीं है। दो बॉक्स हैं- 70 किमी की ऊंचाई से ली गई तस्वीरें भेजी और आज शाम 5.20 बजे से लैंडिंग का प्रसारण। प्वाइंटर में बताया गया है कि लैडिंग सफल होने पर दक्षिणी ध्रुव पर उतरने वाला पहला देश भारत होगा। इसका एक्सटेंशन पेज 10 पर है। यहां इसे फ्लायर बनाया गया है। शीर्षक है- चंद्रयान 3 : 41 दिन में चांद तक। यहां ग्राफिक्स में प्रमुख बातों को उभारा गया है। पेज वन से अच्छा प्रजेंटेशन यहां पर है। न्यूमेरिक में 600 करोड़ रुपये का मिशन होने की जानकारी दी गई है। पेज वन पर चंद्रयान 3 का कवरेज आज अमर उजाला में सभी से कमजोर दिख रह है। 

हिन्दुस्तान ने आज पेज वन का दो लेयर चंद्रयान 3 को समर्पित किया है। यह लीड खबर है और इसका प्रजेंटेशन सभी अखबारों से बेहतर दिख रहा है। पांच कॉलम में चंद्रयान से जुड़ी मुख्य खबर और दो कॉलम में इसरो प्रमुख एम. सोमनाथ का साक्षात्कार है। इसमें बैकअप का भी बैकअप तैयार होने को हाइलाइट किया गया है।
मुख्य खबर में विक्रम के आठ पड़ावों में शाम के 6.04 बजे उतरने का जिक्र है और इन आठ पड़ावों को चंद्रयान 3 की तस्वीर के साथ लिखकर बताया गया है। न्यूमेरिक में 70 किमी की ऊंचाई से तस्वीरें भेजने और कोई गड़बड़ी होने पर 27 अगस्त को फिर प्रयास करने के बारे में बताया गया है। चार प्रमुख चुनौतियां और उतरने के लिए खुद सुरक्षित स्थान खोजेगा शीर्षक से दो इनसेट हैं। इसरो का अलग से बयान है। चांद को प्रणाम शीर्षक से पेज 10 पर एक्सटेंशन है। 

दैनिक जागरण ने चंद्रयान 3 को आठ कॉलम का फ्लायर लिया है। उतरने के समय और 17 मिनट महत्वपूर्ण को न्यूमेरिक में दिया गया है। इंट्रो में सॉफ्ट लैंडिंग की तैयारी, मिशन पर 600 करोड़ खर्च और दक्षिण ध्रुव पर उतरने वाले पहले देश के बारे में बताया गया है। चंद्रयान 3 की डेढ़ कॉलम तस्वीर है। जिन बातों को हिन्दुस्तान ने प्वाइंटर में दिया है, उसे जागरण ने अलग-अलग 8 बॉक्स बनाकर दिया है। एक चंद्र दिवस का मिशन शीर्षक से एक बॉक्स है। इसमें बताया गया है कि चंद्रमा का एक दिन पृथ्वी के 14 दिनों के बराबर होता है। इसे किसी ने नहीं हाइलाइट किया है। पेज 11 पर इसका एक्सटेंशन है। 
चंद्रयान 3 के कवरेज में आज हिन्दुस्तान ने सबसे बेहतर किया है। आज देश के साथ ही पूरी दुनिया की निगाहें इस पर हैं। इसलिए लीड का निर्णय अच्छा दिख रहा है। हेडिंग भी साहित्यिक और अच्छी लग रही है। अमर उजाला ने पेज वन पर आज चंद्रयान 3 को सबसे कम जगह दी है। इसके चलते पैकेज उभर नहीं रहा है। जागरण में पढ़ने के लिए सबसे ज्यादा कंटेंट दिख रहा है। 

कैबिनेट के फैसले को आज अमर उजाला और दैनिक जागरण ने लीड बनाया है। हिन्दुस्तान ने इसे सेकेंड लीड लिया है। सभी का शीर्षक है- 
बायोडीजल उत्पादन और बिक्री का रास्ता साफ (अमर उजाला)
स्नातकों को अप्रेंटिस करने पर पर मानदेय (हिन्दुस्तान)
घाटे में चल रहे पराग के छह प्लांट पट्टे पर देगी सरकार (दैनिक जागरण)

अमर उजाला ने बायोडीजल के उत्पादन और बिक्री को उठाया है। कैबिनेट का फैसला टैग देकर उत्पादन का लाइसेंस यूनीपेडा और बिक्री का डीएम देंगे को उभारा गया है। अलग-अलग फैसले को बॉक्स में दिया गया है-श्रीराम जन्मभूमि मंदिर तक फोरलेन मार्ग के भवन संवरे जाएंगे, उच्च शिक्षा में भी मुख्यमंत्री शिक्षुता प्रोत्साहन योजना को मंजूरी, अटल आवासीय विद्यालयों में पढ़ेंगे कोरोना काल में निराश्रित हुए बच्चे, सपा का फैसला पलटा-जल निगम की जेई भर्ती फिर यूपीएसएसएससी के हवाले, पोषाहार वितरण में घालमेल पर कसा शिकंजा- हर आंगनवाड़ी केंद्र पर लगेंगी ई-पॉश मशीनें। युवाओं को 25 लाख स्मार्टफोन देने के लिए 3600 करोड़ मंजूर समेत अन्य फैसले को पेज 4 पर विस्तार दिया गया है। यहां पोषाहार वितरण को मुख्य खबर बनाकर आठ फैसले को अलग-अलग दिया गया है। इसके लिए तीन लेयर जगह दी गई है। इस पर पेज वन से लेकर भीतर तक अमर उजाला ने अच्छा काम किया है। हर फैसले के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई है।

हिन्दुस्तान ने कैबिनेट का फैसला टैग देकर स्नातकों को अप्रेंटिसशिप पर मानदेय को मुख्य खबर बनाया है और 25 लाख युवाओं को स्मार्टफोन को डीसी इनसेट किया है। सीएम योगी की सिंगल कॉलम तस्वीर के साथ चार कॉलम में खबर ली गई है। हिन्दुस्तान में यह खबर बहुत कमजोर है। भीतर किस पेज पर इससे जुड़ी खबरें हैं, इसे टीज भी नहीं किया गया है जबकि राजकाज पर कैबिनेट के फैसले दो लेयर में लीड है। यहां पराग के छह डेयरी प्लांट अब लीज पर दिए जाएंगे को मुख्य खबर बनाया गया है। अमर उजाला ने 1, 2, 3, 4.... नंबर देकर प्रमुख फैसले को हाइलाइट किया है लेकिन हिन्दुस्तान ने सामान्य तरीके से अलग-अलग फैसले को लगा दिया है। इसमें गोरखपुर जनता दरबार की योगी की तीन कॉलम तस्वीर है।

दैनिक जागरण ने पराग के 6 प्लांट को पट्टे पर देने को मुख्य खबर बनाया है। 10 वर्ष के लीज के लिए टेंडर को सबहेड में दिया गया है। कैबिनेट बैठक को संबोधित करते योगी की डीसी तस्वीर है। कैबिनेट बैठक की तस्वीर केवल जागरण के पास ही है। खबर में दो बॉक्स हैं- 25 लाख युवाओं को मिलेंगे मुफ्ट स्मार्टफोन और पुरानी देनदारी चुकाएगी सरकार। संबंधित खबरें पेज सात पर टीज किया गया है। यहां पर कैबिनेट फैसला का कोई टैग नहीं है। इससे पता ही नहीं चल रहा है कि इससे जुड़ी खबर इस पेज पर है।
कैबिनेट के फैसले पर सबसे बेहतर कवरेज आज अमर उजाला में है। कंटेंट के साथ प्रजेंटेशन भी अच्छा है। पेज वन के साथ भीतर के पेज पर भी खबरें हाइलाइट हो रही हैं। 

अमर उजाला ने मुख्य खबरों के अलावा जोहानिसबर्ग पहुंचे मोदी की खबर को सिंगल फोटो के साथ डीसी लिया है। हिन्दुस्तान और जागरण ने इसे टीज किया है। उजाला ने मौसम की दो कॉलम खबर ली है। इसे किसी और ने पेज वन पर नहीं लिया है। लिंग परिवर्तन सांविधानिक अधिकार शीर्षक से तीन कॉलम खबर है। यह हाईकोर्ट का एक मामले पर आदेश है। यह किसी और अखबार में नहीं है।
हिन्दुस्तान ने मंडी समिति के तीन हजार कर्मचारी बढ़ा वेतन पाएंगे शीर्षक से लोकल खबर ली है। अन्य खबरों में कारो में भारतीय सुरक्षा मानक लागू होंगे, ओटीटी पर अश्लील सामग्री रोकेने के लिए नियम बनेंगे और केंद्र सरकार सस्ते प्याज की बिक्री करेगी हैं।

नोट : आज चंद्रयान पर देशभर की निगाहें हैं। इस पर हिन्दुस्तान का पैकेज अच्छा है। यह खबर अमर उजाला के पेज वन पर दब गई है। कैबिनेट पर फैसले के कवरेज में अमर उजाला पेज वन के साथ भीतर के पेज पर भी बेहतर है। हिन्दुस्तान ने पेज वन के बाद भीतर बेहतर जगह और कवरेज देने की कोशिश की है। पूरे पेज को देखें तो हिन्दुस्तान की डिजाइन सबसे बेहतर है। ओवरऑल आज हिन्दुस्तान पेज वन के मामले में आगे दिख रहा है।

पेज वन पर विशेष खबरें
अमर उजाला - कुल खबरें 11
यूपी की तकदीर बदलने को तैयार हो रही राम नगरी

दैनिक जागरण - कुल तीन खबरें
बिना अनुमति ही बेच दी पांच लाख वर्ग मीटर जमीन (लोकल)

हिन्दुस्तान - कुल 9 खबरें
दुधवा में एक दशक बाद दुनिया की सबसे छोटी बिल्ली दिखी

............................................

लोकल कवरेज

आज स्थानीय स्तर पर बारिश से परेशानी और चंद्रयान की लैंडिंग देखने की तैयारियों को सभी अखबारों ने प्रमुखता से लगाया है। हिन्दुस्तान, जागरण और अमर उजाला ने बारिश को लीड बनाया है। इसके अलावा हिन्दुस्तान और अमर उजाला ने चंद्रयान की लैंडिंग के लाइव प्रसारण की तैयारी को विभिन्न पेज पर लीड और जागरण ने जागरण सिटी पर फ्लायर रखा है। 

लोकल पेज तीन पर हिन्दुस्तान ने शहर में रुक-रुक हो रही बारिश को राहत के साथ आफत के रूप में प्रदर्शित किया है। खबर में शहर के अंदर कई क्षेत्रों में जलजमाव की समस्या और शहर में इससे हुए बिजली संकट से लोगों को हो रही परेशानी को हाइलाइट किया है। बिजली के लिए हंगामा की खबर को तीन कॉलम इनसेट किया गया है। इस खबर में दो-दो कॉलम की दो तस्वीरें हैं। एक बारिश और दूसरे में बिजली संकट पर लोगों के आक्रोश को दिखाया गया है। दो बॉक्स हैं- कई क्षेत्रों में जलजमाव, निगोहा का हाफा मेला बारिश के चलते फीका। छह कॉलम में लीड पैकेज है। इसमें जलजमाव की भी तस्वीर होती तो और बेहतर होता।

अमर उजाला ने बारिश के बीच जाम से भी जूझे लोग शीर्षक से पेज तीन पर लीड है। अमर उजाला ने जाम पर फोकस किया है और जाम से की एक डीसी और सिंगल कॉलम तस्वीर ली है। बारिश से शहर में हुए बिजली संकट को तीन कॉलम में इनसेट किया गया है। बॉक्स में कई जानकारियां दी गई हैं- फुटपाथ पर ठेले वालों का कब्जा भी मुख्य कारण, 36.8 मिमी बरसात से पांच डिग्री गिरा पारा। मुख्य खबर जाम पर ही आधारित है। रनिंग बोल्ड करके सृष्टि अपार्टमेंट के सी ब्लॉक में पानी भरने को हाइलाइट किया गया है। खबर में न बारिश न ही जलजमाव की कोई प्रभावी खबर है। दैनिक जागरण से इस खबर को तवज्जो नहीं दी है। 

पेज पांच पर हिन्दुस्तान ने नगर निगम दफ्तर की सीलिंग- ईंट गिरीं, कर्मचारी हेलमेट लगाकर बैठे शीर्षक से दो फोटो के साथ लीड खबर बनाई है। फोटो खबर की पुष्टि कर रहे हैं। इस खबर का पैकेज अच्छा है। इस खबर के साथ ठाकुरगंज अस्पताल के वार्ड में गिरी फाल्स सीलिंग और निगम की आर्ट गैलरी में फाल्स गिरने की खबर को भी लिया गया है। 
अमर उजाला ने भी ठाकुरगंज अस्पताल के वार्ड में फाल्स सीलिंग गिरने की खबर
को लगाया है। अमर उजाला ने जोन ऑफिस में प्लास्टर, मुख्यालय में गिरी फॉल्स सीलिंग शीर्षक से खबर प्रकाशित की है। जागरण ने इस खबर को टीसी में नगर निगम में प्लास्टर गिरा, हेलमेट पहनकर काम करते कर्मचारियों की फोटो वायरल शीर्षक से लिया है। हालांकि इसने भी तीन फोटो लिया है, लेकिन ऐसा लग रहा है कि पैकेज में फोटो को जबरन ठूसा गया है।  हिन्दुस्तान ने इसके साथ एलडीए सुपरवाइजर को हटाए जाने की खबर को भी इसी पेज पर लिया है। लखनऊ एयरपोर्ट पर सेंसर अलार्म लगाए जाने की खबर को डीसी में लिया है।
नगर निगम दफ्तर की सीलिंग गिरने की खबर को अमर उजाला ने टॉप बॉक्स और तालकटोरा औद्योगिक क्षेत्र में पिछले 40 दिनों से पानी की आपूर्ति ठप शीर्षक से लीड खबर लिया है। 


लोकल पेज चार जो क्राइम पेज है, इस पेज पर हिन्दुस्तान ने साइबर ठगी से रुपए गए तो एक घंटे के भीतर ही पुलिस से करें शिकायत शीर्षक से लिया है। पैकेज बढिया बना है। इसमें सावधानी और सुझाव को भी क्रसर में लिया गया। फोन इन कार्यक्रम को अच्छे से प्रस्तुत किया गया है। इसी पेज पर बर्खास्त सिपाही ने बुजुर्ग को पीटा, पौत्र अगवा किया को डीसी में लिया है जबकि अमर उजाला ने पत्नी को मारी गोली, आलमारी पर लगी शीर्षक से क्राइम की खबर को लिया है। घटनास्थल की फोटो नहीं है। बुजुर्ग की मौत में गैर इरादतन हत्या का केस, आरोपी गिरफ्तार हेडिंग से इनसेट में एक दूसरी खबर है। 13 गोवंश की मौत में सचिव निलंबित हेडिंग से एक डीसी खबर है। कारोबारी की खुदकुशी मामले को सभी अखबारों ने कवर किया है। थाने का सीसी कैमरा खराब होने पर कोर्ट गंभीर शीर्षक से बाटम  लिया है, जबकि हिन्दुस्तान ने इस खबर को पेज चार पर डीसी में सबसे नीचे लगाया है।

अमर उजाला ने माई सिटी पेज छह पर चंद्रयान की लैडिंग के लाइव प्रसारण की खबर को लीड बनाया है। हिन्दुस्तान में यह पेज 6 पर लीड है। जागरण ने जागरण सिटी पर फ्लायर बनाया है। सभी की हेडिंग है-
नक्षत्रशाला में देखें चंद्रयान-3 की लैंडिंग (अमर उजाला)
तैयारी : लखनऊ के सात लाख बच्चे आज चंदा मामा को लाइव देखेंगे (हिन्दुस्तान)
विद्यार्थी देखेंगे चंद्रयान-तीन के चंद्रमा पर उतरने का सीधा प्रसारण (जागरण सिटी)

अमर उजाला ने चंद्रयान पर लोकल सबसे अच्छी कवरेज दी है। तीन तस्वीरों के साथ फ्लायर के रूप में खबर है- चंद्रयान-3 की सफलता के लिए मंदिरों-मस्जिदों में चला प्रार्थना, दुआ का दौर। यह लीड पैकेज में ही है। नक्षत्रशाला में देखें चंद्रयान-3 की लैंडिंग शीर्षक से लीड खबर में सजीव प्रसारण में कोई भी हो सकता है शामिल को हाइलाइट किया है। चार बॉक्स हैं- पश्चिमी जोन के 18 बूथों पर होगी लाइव स्ट्रीमिंग, शिक्षण संस्थानों में बच्चों संग अभिभावक भी देखेंगे सीधा प्रसारण, बच्चों पर स्कूल आने का दबाव नहीं। 

हिन्दुस्तान ने युवा पेज पर लीड खबर बनाया है। इसमें एक स्थानीय स्कूल में प्राजेक्टर लगकर तैयार होने की तीन कॉलम की अच्छी तस्वीर ली है। खबर में दो बॉक्स हैं- 20 स्कूलों के बच्चे लाइव देखेंगे और शिक्षक संघ ने कहा- प्रसारण दिखा पाना संभव नहीं। इसी पैकेज में दो फोटो के साथ मंदिरों में प्रार्थना, मस्जिदों में दुआ खबर है। खबर के इंट्रो में यह बताया गया है कि लखनऊ में 1619 प्राइमरी स्कूल, 8 कस्तूरबा, यूपी बोर्ड के 771 स्कूल, आईसीएसई और सीबीएसई के 250 स्कूलों के सात लाख बच्चे लाइव प्रसारण देखेंगे। यह बात किसी अन्य अखबार में नहीं है। 
दैनिक जागरण में बहुत सामान्य ट्रीटमेंट दिया है। जागरण सिटी पर यह खबर फ्लायर है लेकिन डिजाइन पर कोई काम नहीं किया गया है। 
इस पैकेज में ओवरऑल अमर उजाला माई सिटी ने बाजी मारी है। कंटेंट, फोटो सब बेहतर है। लाइव प्रसारण दिखाने की तैयारी की फोटो रहती तो और बेहतर हो जाता।

No comments:

Post a Comment

पत्रकारिता 1

पत्रकारिता का जंतर-मं तR प्रेस विज्ञप्तियों का अपना मिजाज होता है अखबार के दफ्तरों में प्रेस ब्रीफिंग, प्रेस कॉन्फ्रेंस, प्रेस विज्ञप्ति बहु...